संभल जिले में छह दिन से लापता एक 24 वर्षीय युवक का शव भांग के पेड़ों के बीच एक नाले से बरामद हुआ है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। युवक 27 मार्च से लापता था।यह घटना संभल जनपद के थाना ऐंचौड़ा कम्बोह क्षेत्र के गांव धारंगपुर की है। युवक की पहचान धारंगपुर निवासी मोहम्मद सलमान (24 वर्षीय) पुत्र इसरार के रूप में हुई है। सलमान 27 मार्च की शाम को घर से लापता हो गया था। देर रात तक घर न लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की और पुलिस को सूचना दी थी, हालांकि कोई गुमशुदगी दर्ज नहीं कराई गई थी। बुधवार शाम करीब 4 बजे युवक का शव मिलने की सूचना पर ग्रामीण और परिजन घटनास्थल पर पहुंचे। नाले से शव बाहर निकालने के बाद परिजनों का बुरा हाल हो गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतक भांग पीने का शौकीन था और आशंका जताई जा रही है कि भांग के पेड़ों के निकट बने नाले में गिरकर डूबने से उसकी मौत हुई है। थाना प्रभारी लवनीश चौधरी ने बताया कि फॉरेंसिक टीम को सूचना देकर सभी साक्ष्य एकत्र कराए गए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply