भारतीय रेल के प्रयागराज मंडल ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में रेल परिचालन, समयपालनता और यात्री सेवाओं के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। मंडल ने इस दौरान कई नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। यह उपलब्धि मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल के मार्गदर्शन और वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक (समन्वय) अकांशु गोविल के निर्देशन में हासिल की गई। मंडल ने मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों की समयपालनता में ऐतिहासिक सुधार दर्ज किया है। चालू वित्तीय वर्ष में 79.75 प्रतिशत समयपालनता हासिल की गई, जो पिछले वित्तीय वर्ष 2024-25 के 74.2 प्रतिशत से 7.8 प्रतिशत अधिक है। इस वृद्धि का श्रेय मंडल की बेहतर योजना, सुदृढ़ समन्वय और लगातार निगरानी को दिया गया है। आंकड़ों के अनुसार, मार्च 2026 तक मंडल ने 51 बार 90 प्रतिशत से अधिक और 225 बार 80 प्रतिशत से अधिक समयपालन दर्ज किया। 15 अगस्त 2025 को 98.85 प्रतिशत के साथ एक दिन का सर्वश्रेष्ठ समयपालन दर्ज किया गया, जो अब तक का सर्वोच्च स्तर है। वहीं मार्च 2026 में 89.78 प्रतिशत के साथ सर्वश्रेष्ठ मासिक समयपालन हासिल कर अगस्त 2025 के 86.89 प्रतिशत के पुराने रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया गया। कोचिंग ट्रेनों के संचालन में भी मंडल ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। प्रतिदिन औसतन 402 ट्रेनें संचालित की गईं, जो पिछले वर्ष की 388 ट्रेनों के मुकाबले अधिक है। अक्टूबर 2025 में 452 ट्रेनों का दैनिक संचालन कर मंडल ने एक नया मासिक रिकॉर्ड भी बनाया। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, इन उपलब्धियों के पीछे कर्मचारियों की कड़ी मेहनत, बेहतर समन्वय और तकनीकी दक्षता की अहम भूमिका रही है। प्रयागराज मंडल लगातार यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने, सुरक्षित संचालन सुनिश्चित करने और माल ढुलाई बढ़ाने के लिए प्रयासरत है। मंडल की ये उपलब्धियां भारतीय रेल के समग्र विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं।

Leave a Reply