बांदा जिले के बिसंडा थाना क्षेत्र में कैरी और कोर्रा गांव के बीच बुधवार शाम एक सड़क हादसा हुआ। यहां करीब साढ़े 7 बजे दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर में एक युवक की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए। मृतक की पहचान अहार निवासी सुनील प्रजापति (पुत्र इंद्रपाल प्रजापति) के रूप में हुई है। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया था, जहां इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। घायलों में अहार निवासी राज प्रजापति को गंभीर चोटें आई हैं, जिन्हें परिजनों ने दुर्गावती मेडिकल कॉलेज से अवनी परिधि हेल्थ केयर में भर्ती कराया है। कैरी निवासी नीरज और दो अन्य घायलों का इलाज जारी है। यह हादसा तब हुआ जब दोनों बाइक कैरी और बिसंडा के पास पहुंचीं और उनकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइकों को काफी नुकसान पहुंचा और पांचों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के तुरंत बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। एम्बुलेंस की मदद से घायलों को सीएचसी बिसंडा ले जाया गया। बाद में समाजसेवी विचित्र मुखिया की सहायता से उन्हें रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया।

Leave a Reply