नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के विस्तारीकरण के दूसरे और तीसरे चरण के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। जिलाधिकारी ने आज कलेक्ट्रेट कार्यालय में संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक की, जिसमें जेवर तहसील के 14 गांवों की 1838.4176 हेक्टेयर भूमि के प्रतिकर वितरण पर चर्चा हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने प्रभावित किसानों की सुविधा के लिए महत्वपूर्ण निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रतिकर वितरण की प्रक्रिया को पारदर्शी और शीघ्रता से पूरा किया जाए। इसके लिए 3 अप्रैल 2026 से अधिग्रहण से प्रभावित प्रत्येक गांव में प्रतिदिन विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे। इन कैंपों के माध्यम से प्रभावित किसानों से प्रतिकर के प्रपत्र प्राप्त किए जाएंगे और उनकी पत्रावलियां तैयार की जाएंगी। साथ ही, अन्य सभी आवश्यक औपचारिकताएं भी पूरी की जाएंगी। इस कार्य के लिए प्रत्येक गांव में एक राजस्व निरीक्षक, लेखपाल और अमीन को नामित किया गया है। जिलाधिकारी ने तहसीलदार, जेवर को सभी कैंपों का प्रभारी नियुक्त किया है। उन्हें निर्देश दिया गया है कि वे संबंधित नायब तहसीलदार के साथ प्रतिदिन सभी गांवों का दौरा करें और तैयार की गई पत्रावलियों पर हस्ताक्षर करें। यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि प्रतिदिन प्राप्त पत्रावलियां सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद अपर जिलाधिकारी (भू-अर्जन) कार्यालय को उपलब्ध कराई जाएं। ये कैंप 3 अप्रैल 2026 से शुरू होंगे और थोरा के प्राथमिक विद्यालय-1, बंकापुर के डॉ. अंबेडकर भवन, नीमका शाहजहांपुर के प्राथमिक विद्यालय-1, अहमदपुर चौरोली के पंचायत भवन जैसे निर्धारित स्थानों पर आयोजित किए जाएंगे। कुल 14 गांवों में इन विशेष कैंपों के माध्यम से किसानों के प्रतिकर प्रपत्र प्राप्त किए जाएंगे और संबंधित पत्रावलियां तैयार कर सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की जाएंगी। उन्होंने कहा कि आयोजित किए जाने वाले इन कैंपों का उद्देश्य 14 ग्रामों की अर्जित एवं अधिनिर्णीत भूमि से संबंधित प्रतिकर वितरण की कार्रवाई को पूर्ण पारदर्शिता के साथ संपन्न कराना है।

Leave a Reply