सहारनपुर के थाना मंडी क्षेत्र स्थित गणेश विहार सरदार कॉलोनी में बुधवार को एक सैलून में घुसकर मारपीट और लूटपाट की घटना सामने आई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला सुर्खियों में आ गया। वायरल वीडियो में कई युवक सैलून संचालकों के साथ मारपीट करते दिख रहे हैं। पीड़ित परिवार ने एसएसपी को प्रार्थना पत्र में बताया कि उनके पुत्र अर्जुन और सुमित इलाके में सैलून चलाते हैं। आरोप है कि 25 मार्च 2026 को दोपहर में कुछ युवक दुकान पर पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने मोटरसाइकिल की चेन, तमंचे की बट और अन्य हथियारों से हमला किया, जिससे दोनों भाइयों को चेहरे और आंख के पास गंभीर चोटें आईं। पीड़ितों के अनुसार, आरोपियों ने दुकान में तोड़फोड़ की और गल्ले से करीब 50 हजार रुपये की लूट भी की। शोर सुनकर मौके पर आए स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव कर पीड़ितों को बचाया। जाते समय आरोपियों ने जान से मारने और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी भी दी। परिवार ने आरोप लगाया कि घटना के बाद थाना मंडी पहुंचने पर पुलिस ने उनकी सुनवाई नहीं की और न ही मेडिकल कराया। इसके बजाय पुलिस ने पीड़ित पक्ष पर ही कार्रवाई करने की बात कही। परिवार ने इसके बाद मुख्यमंत्री पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराई। पीड़ित अर्जुन ने बताया कि पूर्व में भी आरोपियों के साथ विवाद हुआ था, लेकिन तब पुलिस ने कार्रवाई के बजाय समझौता करा दिया था। परिवार ने यह भी आरोप लगाया कि बाद में एक पुलिसकर्मी ने पक्षपात करते हुए उनके परिजनों के साथ अभद्रता और मारपीट की, जिससे उनके पिता की हालत बिगड़ गई और उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पीड़ित परिवार ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच, आरोपियों और संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई तथा लूटी गई रकम की बरामदगी की मांग की है। पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply