DniNews.Live

सहारनपुर में स्कूली वाहनों पर सख्ती:15 अप्रैल तक फिटनेस जांच अनिवार्य, पोर्टल पर अपलोड होगा पूरा डेटा

सहारनपुर प्रशासन ने स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर सख्त कदम उठाए हैं। सभी स्कूल वाहनों की निगरानी और फिटनेस जांच अनिवार्य कर दी गई है। बुधवार शाम डीएम मनीष बंसल की अध्यक्षता में हुई बैठक में स्कूली वाहनों के लिए तैयार नए पोर्टल की जानकारी दी गई और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। डीएम ने सभी स्कूल प्रबंधन को आवंटित आईडी से पोर्टल पर लॉगिन कर वाहनों का पूरा विवरण अपलोड करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्कूलों में संचालित सभी वाहनों की जानकारी दर्ज करना अनिवार्य होगा, ताकि पारदर्शिता बनी रहे और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। बैठक में 15 अप्रैल तक चलने वाले विशेष फिटनेस जांच अभियान पर जोर दिया गया। डीएम ने निर्देश दिए कि तय अवधि में सभी स्कूली वाहनों की फिटनेस जांच पूरी की जाए। वैध फिटनेस प्रमाण-पत्र और सुरक्षा मानकों के बिना कोई वाहन संचालित नहीं होगा। डीएम ने कहा कि अभियान का उद्देश्य बच्चों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करना और तकनीकी खराबी से होने वाली दुर्घटनाओं को रोकना है। नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई। डीएम ने सभी स्कूलों को 15 दिन के भीतर ‘स्कूली वाहन सड़क सुरक्षा समिति’ की बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए। इसमें वाहन सुरक्षा, ड्राइवर की योग्यता और आपातकालीन व्यवस्थाओं की समीक्षा होगी। इस दौरान जिला विद्यालय निरीक्षक अरविंद पाठक और एआरटीओ प्रवर्तन एम.पी. सिंह ने पोर्टल के तकनीकी उपयोग और प्रवर्तन कार्रवाई की जानकारी दी। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी सुमित महाजन, विभिन्न स्कूलों के प्रधानाचार्य और संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *