भदोही जनपद के चौरी थाना क्षेत्र के जगदीशपुर (सुजान) गांव में मंगलवार शाम करीब 5 बजे एक बुजुर्ग पर चाकू से हमला किया गया। गंभीर रूप से घायल 65 वर्षीय बच्चन राम की इलाज के दौरान मौत हो गई। अब जानिए पूरा मामला… जानकारी के अनुसार, बच्चन राम पुत्र स्वर्गीय सिधारी गौतम पाल तिराहा पर सामान खरीदने गए थे। इसी दौरान उनके पड़ोसी श्रवण कुमार (28) पुत्र दीनानाथ ने अचानक उन पर चाकू से कई वार कर दिए। घटना को देख आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। बचाव के लिए पहुंचे अशोक, दिनेश पाल समेत अन्य लोगों ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन तब तक हमलावर कई बार चाकू से वार कर चुका था। गंभीर रूप से घायल बच्चन राम खून से लथपथ हो गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल उन्हें नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां से हालत नाजुक होने पर भदोही के एक निजी अस्पताल रेफर किया गया। हालांकि, इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। राम अवतार ने घायल को अस्पताल पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। मृतक के परिवार में शोक की लहर है। बच्चन राम के चार पुत्र- बृजभूषण (48), सुरेश (45), प्रवीण (40) और प्रमोद (38) हैं। उनका भतीजा भी उसी चौराहे पर सिलाई की दुकान चलाता है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पथाना प्रभारी रामसरिक गौतम ने बताया कि मामले में आरोपी को हिरासत में लेकर जांच की जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply