बाराबंकी के जैदपुर थाना क्षेत्र के लसोरवा गांव के पास अज्ञात कारणों से गेहूं के खेतों में भीषण आग लग गई। इस घटना में कई किसानों की लगभग 10 बीघे गेहूं की फसल जलकर पूरी तरह खाक हो गई, जिससे उन्हें भारी नुकसान हुआ है। आग की तेज लपटें उठती देख आसपास के लोगों ने शोर मचाया। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया। ग्रामीणों ने बाल्टियों से पानी डाला और झाड़ियों को काटकर आग को फैलने से रोकने की कोशिश की, लेकिन सूखी फसल और तेज हवा के कारण आग तेजी से फैलती गई। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक किसानों की खड़ी फसल पूरी तरह जल चुकी थी। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्रीय लेखपाल शिवम वर्मा राजस्व टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने नुकसान का जायजा लिया और बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। जल्द ही इस संबंध में रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को सौंपी जाएगी। इस घटना से प्रभावित किसानों में भारी मायूसी है। उन्होंने प्रशासन से उचित मुआवजे की मांग की है।

Leave a Reply