इटावा शहर कोतवाली क्षेत्र के हरवंश नगर मुहल्ले में एक डेयरी संचालक का शव उसकी डेयरी के अंदर फंदे पर लटका मिला। मृतक की पहचान 36 वर्षीय शैलेंद्र सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने मौके से फॉरेंसिक साक्ष्य जुटाए और सीसीटीवी फुटेज खंगाले। पुलिस को घटनास्थल से टूटी चूड़ियां और एक संदिग्ध मोबाइल फोन मिला है। सीसीटीवी फुटेज में एक महिला सहित तीन पुरुषों को डेयरी से बाहर निकलते देखा गया है। इन तथ्यों के आधार पर पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनों पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। मृतक के परिजनों ने भी हत्या की आशंका जताई है। मृतक शैलेंद्र सिंह मूल रूप से जसवंतनगर के जनकपुर गांव के रहने वाले थे। वह अपने बड़े भाई सतेंद्र सिंह के साथ हरवंश नगर में आठ साल से डेयरी चला रहे थे और उन्होंने वहीं एक मकान भी बनवाया था। सतेंद्र ने बताया कि बुधवार सुबह वह अपने बीमार पिता को देखने गांव गए थे, जबकि शैलेंद्र डेयरी पर थे। दोपहर करीब 3 बजे जब सतेंद्र गांव से लौटे, तो डेयरी का गेट अंदर से बंद था। आवाज देने पर कोई जवाब नहीं मिला। दीवार फांदकर अंदर जाने पर उन्होंने शैलेंद्र का शव टीनशेड के सहारे रस्सी से फंदे पर लटका देखा। घटनास्थल पर टूटी चूड़ियां और एक अज्ञात एंड्रॉयड मोबाइल भी पड़ा मिला। इसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर फॉरेंसिक टीम बुलाई। टीम ने टूटी चूड़ियों और मोबाइल फोन को कब्जे में लेकर अन्य साक्ष्य एकत्र किए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस ने पड़ोस के सीसीटीवी कैमरे भी खंगाले, जिनमें एक महिला और तीन पुरुष डेयरी में प्रवेश करते और बाहर निकलते हुए दिखाई दिए हैं। मृतक के बड़े भाई सतेंद्र सिंह ने बताया कि उनके परिवार की किसी से कोई दुश्मनी नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि उनका भाई आत्महत्या नहीं कर सकता। सतेंद्र ने सीसीटीवी फुटेज, घटनास्थल पर मिली चूड़ियों और मोबाइल फोन के आधार पर अपने भाई की हत्या की आशंका जताई है। थाना प्रभारी यशवंत सिंह ने बताया कि सीसीटीवी व घटना स्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply