मऊ के नवागत पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने बुधवार शाम पुलिस बल के साथ संवेदनशील क्षेत्रों में पैदल गश्त किया। एसपी ने नगर के संस्कृत पाठशाला से शाही कटरा, गोला बाजार, औरंगाबाद होते हुए मिर्जाहादीपुरा तक भ्रमण किया। इस दौरान उनके साथ अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार और नगर कोतवाल अनिल कुमार सिंह सहित भारी पुलिस बल मौजूद रहा। गश्त के दौरान एसपी कमलेश बहादुर ने नगर की मुख्य समस्याओं, ट्रैफिक जाम और अवैध अतिक्रमण पर विशेष ध्यान दिया। उन्होंने अपने अधीनस्थ अधिकारियों को ऐसे स्थानों को चिन्हित कर उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि एक विकसित शहर की पहचान उसकी यातायात व्यवस्था से भी होती है। उन्होंने यातायात व्यवस्था और बाजार में अतिक्रमण पर विशेष ध्यान देने की बात कही। उन्होंने दैनिक भास्कर से बातचीत में यह भी बताया कि यह उनका शहर का पहला दौरा था, जिसका उद्देश्य स्थिति को समझना था।

Leave a Reply