रामपुर में नए शैक्षिक सत्र के आरंभ के साथ ही बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा स्कूल चलो अभियान रैली का आयोजन किया गया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक बच्चों को विद्यालयों से जोड़ना और शिक्षा के प्रति जन जागरूकता बढ़ाना है। विकास भवन से आयोजित इस रैली को शहर विधायक आकाश सक्सेना, जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी और जिला पंचायत अध्यक्ष ख्यालीराम लोधी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान स्कूली बच्चों ने हाथों में शिक्षा संबंधी स्लोगन लिखी तख्तियां लेकर लोगों को जागरूक किया। मुख्य अतिथि विधायक आकाश सक्सेना ने कहा कि प्राथमिक शिक्षा बच्चों के जीवन की नींव होती है। यदि यह नींव मजबूत होगी, तो बच्चों का भविष्य भी उज्ज्वल होगा। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजें और उन्हें एक जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करें। जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने जोर देकर कहा कि जिले का कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित नहीं रहेगा। उन्होंने बताया कि यह अभियान शिक्षा के प्रति सकारात्मक माहौल बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे विद्यालयों में नामांकन और उपस्थिति में वृद्धि होगी। जिला पंचायत अध्यक्ष ख्यालीराम लोधी ने परिषदीय विद्यालयों में शिक्षकों के प्रयासों से लगातार हो रहे सुधारों की सराहना की। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में जिले की शिक्षा व्यवस्था और भी बेहतर होगी। कार्यक्रम के दौरान परिषदीय स्कूलों के बच्चों को निःशुल्क पाठ्य पुस्तकों का वितरण भी शुरू किया गया। यह पुस्तक वितरण अभियान जिले के सभी विद्यालयों में चलाया जा रहा है। इस अवसर पर नामांकन बढ़ाने में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में वेलेंन्टिना विक्टर, सुनील कुमार, मनोज शर्मा, गौतम सिंह और अंशु देवी शामिल थे। मॉरीशस में व्याख्यान देने वाले डॉ. राजवीर सिंह को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी गुलाब चंद्र, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कल्पना देवी सहित कई अन्य अधिकारी और शिक्षक उपस्थित रहे।

Leave a Reply