सीतापुर में चौराहों के सौंदर्यीकरण और आईटीएमएस (इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम) से लैस करने की कवायद तेज हो गई है। बुधवार को कैप्टन मनोज पांडे चौक पर बड़े स्तर पर अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया गया। सुबह से देर शाम तक चली हुई इस कार्रवाई में प्रशासन ने 6 जेसीबी मशीनों की मदद से अवैध निर्माणों को ध्वस्त किया। करीब 12 घंटे तक चली इस कार्रवाई के दौरान मंडी पुलिस चौकी सहित कई भवनों के आंशिक हिस्सों को भी तोड़कर जमींदोज कर दिया गया। बुलडोजर चलते ही इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इस दौरान एक भवन गिरने से एक महिला बेहोश हो गई, जिसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। मौके पर मौजूद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने स्थिति को संभाला। अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान पुलिस की मौजूदगी में कब्रिस्तान की बाउंड्रीवाल को भी हटाया गया। इस दौरान कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति बनी रही, लेकिन भारी पुलिस बल की तैनाती के चलते स्थिति नियंत्रण में रही। सुरक्षा व्यवस्था के तहत दो प्लाटून पीएसी के साथ बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौके पर तैनात रहे। अतिक्रमण हटाने की इस कार्रवाई का असर शहर की यातायात व्यवस्था पर भी पड़ा। चार प्रमुख मार्गों पर यातायात पूरी तरह से बंद रहा, जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। इसके अलावा बिजली कटौती होने से भी स्थानीय नागरिकों को दिक्कतें झेलनी पड़ीं। कार्रवाई के दौरान एडीएम नीतीश कुमार, एएसपी उत्तरी आलोक सिंह, सीओ सिटी विनायक भोसले, सिटी मजिस्ट्रेट मीनाक्षी पांडेय और तहसीलदार अतुल सेन सिंह समेत कई अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन का कहना है कि शहर को व्यवस्थित और जाम मुक्त बनाने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Leave a Reply