DniNews.Live

कुशीनगर में श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली नहर में पलटी:15 लोग घायल, ट्राली का हुक टूटने से हुआ हादसा

कुशीनगर में चैत्र रामनवमी नहान मेले में जा रहे श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली नहर में पलट गई। हादसे में करीब 15 लोग घायल हो गए, जिनमें अधिकतर महिलाएं शामिल हैं। ट्रॉली में करीब 50 श्रद्धालु सवार थे। जो महाराजगंज जिले के माहनखोर उर्फ बड़हरा, थाना घुघली से नारायणी नदी के भैंसहा घाट पर चैत्र रामनवमी के नहान मेले में शामिल होने जा रहे थे। हादसा सिसवा गोपाल रेगुलेटर के पास हुआ, जहां अचानक ट्रैक्टर-ट्रॉली का हुक टूट गया। इससे ट्रॉली अनियंत्रित होकर बड़ी गंडक नहर में पलट गई। मामला खड्डा थाना क्षेत्र का है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रॉली में 25 से 30 महिलाएं, करीब 10 बच्चे और 10 पुरुष सवार थे। हादसे के दौरान पीछे बैठे कुछ पुरुष कूदकर बच गए, लेकिन अधिकांश लोग ट्रॉली के नीचे दबकर घायल हो गए। घायलों में महिलाओं की संख्या अधिक बताई जा रही है।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल बचाव कार्य शुरू किया। ट्रैक्टर की मदद से ट्रॉली को नहर से बाहर निकाला गया और उसके नीचे दबे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। गनीमत रही कि नहर में पानी कम था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। सूचना मिलते ही डायल 108 एम्बुलेंस की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और सभी घायलों को खड्डा (तुर्कहा) सीएचसी भेजा गया। घटना की सूचना पर खड्डा थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग किया। फिलहाल घायलों का इलाज जारी है।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *