DniNews.Live

गौरीगंज विधायक राकेश प्रताप सिंह को कोर्ट से राहत:भाजपा नेता पर हमले के मामले में कार्यवाही स्थगित, कोतवाली में हुई थी मारपीट

अमेठी के गौरीगंज से समाजवादी पार्टी (सपा) के बागी विधायक राकेश प्रताप सिंह को सुलतानपुर की एमपी-एमएलए विशेष अदालत से बड़ी राहत मिली है। अदालत ने भाजपा नेता दीपक सिंह पर हमले के मामले में चल रही कार्यवाही को स्थगित करने का आदेश दिया है। विशेष कोर्ट मजिस्ट्रेट शुभम वर्मा की अदालत ने यह आदेश बुधवार को इलाहाबाद हाईकोर्ट के निर्देश पर दिया। बचाव पक्ष के अधिवक्ता रविवंश सिंह पंकज ने कोर्ट को बताया कि सह-आरोपी प्रशांत सिंह की याचिका पर हाईकोर्ट ने 17 मार्च को इस मामले की कार्यवाही अगले आदेश तक स्थगित कर दी थी। यह मामला गौरीगंज थाना परिसर में 10 मई 2023 को भाजपा नेता दीपक सिंह पर हुए कथित हमले से संबंधित है। दीपक सिंह, जो नगर पालिका परिषद अध्यक्ष रश्मि सिंह के पति हैं, ने इस घटना में सपा विधायक राकेश प्रताप सिंह समेत 13 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने जांच के बाद विधायक राकेश प्रताप सिंह सहित कुल 10 आरोपियों के खिलाफ अदालत में आरोप पत्र दाखिल किया था। मामले की अगली सुनवाई के लिए अदालत ने 16 अप्रैल की तारीख तय की है।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *