नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय द्वारा बुधवार को सीएम ग्रिड रोड के अंतर्गत बन रही सड़कों व विकास कार्यों का निरीक्षण किया गया। गुरुदेव चौराहे से चिड़ियाघर तक के निरीक्षण के दौरान बेरिकेट न लगने व समय से काम न होने पर नगर आयुक्त भड़क गए। उन्होंने मुख्य अभियन्ता को निर्देशित किया गया कि तत्काल प्रभाव से फर्म मेसर्स एसएस इन्फ्राजोन प्रालि को बेरीकेट न लगाने के सम्बन्ध में 11 लाख का अर्थदण्ड व जुर्माना आरोपित किया जाये तथा जोनल अभियन्ता-6 को कारण बताओ नोटिस निर्गत किया जाये। इसके अलावा बगिया क्रासिंग कल्याणपुर से केसा तक की रोड 15 जून से शुरु होने की बात कही गई। नगर आयुक्त को मिली खामियां गुरूदेव चौराहे से चिड़ियाघर तक सीएम ग्रिड योजनान्तर्गत द्वितीय चरण में स्वीकृत लागत 31.02 करोड़ रुपए के विकास एवं उन्नयन कार्य का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान पूरे मार्ग पर एक या दो जगह ही बेरीकेट दिखाई दिया। जोनल अभियन्ता आरके ने बताया कि यह सड़क 2700 मीटर लम्बी है। नगर आयुक्त ने गुस्सा जाहिर करते हुए कहा कि सभी कार्यो की डेड लाइन पूर्ण होने वाली है, परन्तु कार्य की गति देखकर ऐसा प्रतीत हो रहा है कि कार्य पूर्ण होने में कम से कम एक वर्ष का समय लग जायेगा। 2700 मीटर की सड़क में अभी तक कोई भी ऐसा कार्य नही है, जिसे पूर्ण कहा जाये। फुटपाथ कार्य भी अपूर्ण है। चिड़ियाघर की ओर अतिक्रमण भी अभी तक नहीं हटाया गया है। जलनिगम का कार्य भी अधूरा है। राहगीरों की सुरक्षा व्यवस्था हेतु बेरीकेट भी नही लगे हुए है, जबकि कार्ययोजना में धनराशि बेरीकेट के लिए दी गई है। कार्यस्थल पर टेस्टिंग लेब स्थापित नहीं पायी गयी, मिट्टी व मलवा काफी मात्रा में फेला हुआ पाया गया। बगिया क्रासिंग वाली रोड पर काम मिला संतोषजनक सीएम ग्रिड योजना अन्तर्गत प्रथम चरण में स्वीकृत ‘जोन 06 अन्तर्गत बगिया क्रासिंग कल्यानपुर से केसा ऑफिस तक सड़क निर्माण एवं सुद्ढीकरण कार्य का निरीक्षण किया गया। यहॉ पर कार्य की प्रगति संतोषजनक पायी गयी। जोनल अभियन्ता द्वारा अवगत कराया गया कि यहॉ पर एक साइट पर सभी कार्य यथा सीवर लाइन, पेयजल लाइन, स्टॉम वॉटर लाइन का पूर्ण हो चुका है। ग्रीनबेल्ट का कार्य लगभग 80 प्रतिशत पूर्ण हो चुका है, मात्र प्लास्टर का कार्य अवशेष है। 15 जून, 2026 तक सारे कार्य पूर्ण हो जायेंगे, तत्पश्चात् यह यातायात के लिए प्रारम्भ हो जायेगा। नगर आयुक्त द्वारा निर्देशित किया गया कि अन्तिम चरण के कार्यो में तेजी लायी जाये तथा ग्रीनबेल्ट पर प्लास्टर के उपरान्त प्रत्येक कट पर बाउण्ड्रीवाल पर गेट अथवा बन्द करने की कार्यवाही की जाये। परमिया नाला पहुंचे नगर आयुक्त गंगा बैराज स्थित परमिया नाले पर उप्र जलनिगम द्वारा बनाया गया 3.5 एमएलडी एसपीएस एवं बगल में बह रहे नाले का निरीक्षण किया गया। चीफ इंजीनियर ने बताया कि यह नाला इस क्षेत्र का सबसे महत्वूपर्ण नाला है, इस नाले में मैनावती मार्ग, ज्यौरा, ख्यौरा, मकड़ीखेडा एवं कल्याणपुर क्षेत्र का पानी आता है। इसमें मुख्य समस्या यह है कि जल निगम द्वारा इसको बनाते समय इसके गेट के बेस को लगभग 1.50 मीटर ऊपर कर दिया, जिसके कारण बरसात के समय पानी का बहाव धीमा होने के कारण पानी बैक हो जाता है। नगर आयुक्त द्वारा निर्देशित किया गया कि इस सम्बन्ध में जल निगम के अधिकारियों के साथ एक बैठक कर ली जाये और उन्हे स्थिति से अवगत कराते हुए अग्रेतर कार्यवाही सुनिश्चित की जाये।

Leave a Reply