मैनपुरी में एक युवक ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। शादी के महज चार महीने बाद हुई इस घटना से परिवार में कोहराम मच गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। मृतक की पहचान सौरभ पुत्र अवध किशोर के रूप में हुई है, जो सदर ब्लॉक में संविदा चालक के पद पर कार्यरत था। परिजनों के अनुसार, वह रोजाना की तरह ड्यूटी पर गया था और दोपहर करीब 2 बजे घर लौटा। घर पहुंचने के बाद उसकी पत्नी रंजना ने उसे खाना खिलाया और सब कुछ सामान्य था। खाना खाने के कुछ देर बाद सौरभ घर से करीब 20 मीटर दूर बने एक कमरे में चला गया, जहां भैंस बंधी हुई थी। काफी देर तक जब वह बाहर नहीं आया तो किसी को शक नहीं हुआ, लेकिन कुछ समय बाद उसकी मां भैंस को चारा देने के लिए कमरे पर पहुंचीं। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। आशंका होने पर उन्होंने आसपास के लोगों को बुलाया। दरवाजा तोड़कर अंदर देखा गया तो सौरभ फंदे से लटका हुआ मिला। यह दृश्य देखकर सभी स्तब्ध रह गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आत्महत्या के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। मृतक के चचेरे भाई रोहन के अनुसार, सौरभ के साथ किसी तरह का कोई विवाद नहीं था। वह सामान्य रूप से ड्यूटी पर गया था और घर लौटने के बाद भी सब कुछ ठीक था। चार महीने पहले ही उसकी शादी हुई थी और परिवार में किसी प्रकार का तनाव भी नहीं था।

Leave a Reply