DniNews.Live

कुशीनगर में स्कूल चलो अभियान शुरू:पहले दिन रैलियों और पुस्तक वितरण से गूंजा जनपद

कुशीनगर में नए शैक्षिक सत्र के पहले दिन ‘स्कूल चलो अभियान’ की शुरुआत की गई। इस अभियान का उद्देश्य बच्चों को विद्यालय से जोड़ना और शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। जिले के विभिन्न स्थानों पर इसके लिए कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. राम जियावन मौर्य ने अपने संबोधन में बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय आने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए उन्हें भविष्य में सफल बनने का संदेश दिया। जिला मुख्यालय रविन्द्र नगर स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय में जनपद स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इसका शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित और दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। छात्राओं ने अतिथियों का स्वागत किया, जबकि शिक्षकों ने बच्चों का तिलक लगाकर अभिनंदन किया। इस अवसर पर नए सत्र के लिए विद्यार्थियों को निःशुल्क पुस्तकें भी वितरित की गईं। कार्यक्रम के समापन पर मुख्य अतिथि ने ‘स्कूल चलो अभियान’ रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस रैली में छात्र-छात्राओं ने सक्रिय रूप से भाग लिया और विभिन्न मार्गों पर शिक्षा के प्रति जागरूकता संदेश दिए। खंड शिक्षा अधिकारी मुख्यालय ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में सहायक वित्त एवं लेखाधिकारी नागेंद्र मणि, जिला समन्वयक (सामुदायिक) अखिलेश चौधरी, शिव कुमार, द्रौपदी सिंह, रेणुबाला सिंह, रागिनी, पंकजा, अजय, पवन रईस सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन जिला स्काउट मास्टर नीरज बंका ने किया। बीआरसी कसया सहित जिले के अन्य स्थानों पर भी रैलियों और पुस्तक वितरण कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान अधिकारियों और शिक्षकों ने अभिभावकों से बच्चों का शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने और उन्हें नियमित रूप से विद्यालय भेजने की अपील की।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *