संतकबीरनगर में बुधवार को मगहर स्थित संत कबीर अकादमी एवं शोध संस्थान के सभागार में आयोजित शैक्षिक उन्नयन संगोष्ठी एवं शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष महेंद्र कुमार ने कहा है कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 (एनईपी-2020) अधिक समावेशी और लचीली है। इसका पूरा ढांचा भारतीय मूल्यों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है, जिसमें प्राचीन भारतीय शिक्षा पद्धति को भी समाहित किया गया है। उन्होंने बताया कि एनईपी-2020 बच्चों के फाउंडेशनल स्टेज पर विशेष ध्यान देती है और इसकी सफलता की जिम्मेदारी शिक्षकों के कंधों पर है। उन्होंने शिक्षकों से बच्चों में स्वाध्याय की रुचि पैदा करने का आग्रह किया। कुमार ने चिंता व्यक्त की कि इंटरनेट के अत्यधिक प्रयोग से मूल्य एवं चिंतन आधारित ज्ञान का स्तर घट रहा है। उनके अनुसार, शिक्षण में ऑफलाइन प्रणाली ही उपयुक्त है और शिक्षकों को बच्चों की प्रतिभाओं को पहचानकर उन्हें सही दिशा में आगे बढ़ाना चाहिए। उन्होंने अवकाश प्राप्त शिक्षकों को शुभकामनाएं दीं। सदर विधायक अंकुर राज तिवारी ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माण की बड़ी जिम्मेदारी शिक्षकों के ऊपर है। उन्होंने अवकाश प्राप्त शिक्षकों से समाज की बेहतरी के लिए कार्य करने का आह्वान किया। बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) अमित कुमार सिंह ने शिक्षकों के योगदान की सराहना की। उन्होंने आश्वासन दिया कि शिक्षकों की जो भी समस्याएं लंबित हैं, उनका समयबद्ध निस्तारण कराया जाएगा। प्रोफेसर विजय राय और राकेश मिश्र ने भी संगोष्ठी को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय शिक्षा नीति और शिक्षकों की समस्याओं पर प्रकाश डाला। इससे पूर्व, कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। अतिथियों और अवकाश प्राप्त शिक्षकों का माल्यार्पण कर उन्हें अंगवस्त्र व स्मृति चिह्न भेंट किए गए। शिक्षिका ऋचा श्रीवास्तव ने सरस्वती वंदना और मीरा भारती ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के जिलाध्यक्ष नवीन त्रिपाठी ने सभी के प्रति आभार ज्ञापित किया। कार्यक्रम का संचालन दिनेश कुमार शुक्ल ने किया। इस अवसर पर घनश्याम तिवारी, मार्कण्डेय राय, आंजनेय त्रिपाठी, अशोक गुप्त, अमरेश चौधरी, रेनू अग्रहरि, वंदना सिंह, कीर्ति मिश्रा, हरिप्रकाश पाठक, अरविंद चौधरी, मनोज पांडेय, आलोक सिंह, राजेश मौर्य, विनोद सहित कई अन्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply