गाजियाबाद के पटेल नगर स्थित एक गैस एजेंसी पर घरेलू गैस सिलेंडर की भारी किल्लत देखी जा रही है। ईरान और इज़राइल के बीच चल रहे युद्ध के कारण आपूर्ति प्रभावित होने की बात कही जा रही है, जिससे उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सिलेंडर लेने के लिए सुबह से ही लंबी कतारें लगी हैं और लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। लाइन में खड़े उपभोक्ता अशोक ने बताया कि वह सुबह से करीब पांच घंटे से इंतजार कर रहे हैं, लेकिन अभी तक सिलेंडर नहीं मिला है। उन्होंने 20 तारीख को गैस बुक कराई थी और 29 तारीख तक डिलीवरी का समय दिया गया था। तीन दिन से अधिक समय बीत जाने के बाद भी सिलेंडर नहीं मिलने पर वह एजेंसी पहुंचे, लेकिन यहां भी स्थिति स्पष्ट नहीं है। एक अन्य ग्राहक सुरेंद्र कुमार ने बताया कि उन्होंने 25 तारीख को गैस बुक की थी। उन्हें पहले पांच दिन और फिर आठ दिन में डिलीवरी का आश्वासन दिया गया था। पिछले तीन दिनों से वह लगातार एजेंसी के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन समाधान नहीं मिला। उनके घर में गैस खत्म हो चुकी है, जिससे खाना बनाने में परेशानी हो रही है। गैस एजेंसी कर्मचारियों के अनुसार, सर्वर में तकनीकी खराबी के कारण कई ग्राहकों के मोबाइल पर ओटीपी नहीं पहुंच रहा है। ओटीपी या वेरिफिकेशन के बिना सिलेंडर की डिलीवरी संभव नहीं है, जिसके चलते आपूर्ति बाधित हो रही है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल्द गैस आपूर्ति बढ़ाने और तकनीकी समस्या दूर करने की मांग की है। उनका कहना है कि इससे उन्हें राहत मिलेगी और लंबी कतारों में खड़े होने से मुक्ति मिलेगी।

Leave a Reply