सोनभद्र में मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी के सभागार में संचारी अभियान से संबंधित जागरूकता गोष्ठी का आयोजन किया। इस अभियान का उद्देश्य विभिन्न संचारी रोगों की रोकथाम और जनमानस में जागरूकता फैलाना है। जिला मलेरिया अधिकारी ने बताया कि इस अभियान में कुल 11 विभाग मिलकर काम करेंगे। इन विभागों का लक्ष्य मलेरिया, डेंगू, टीबी जैसी संचारी बीमारियों की रोकथाम के साथ-साथ इन रोगों के प्रति लोगों को जागरूक करना है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया- अभियान के तहत जनपद की सभी आशा कार्यकर्ताएँ और आँगनवाड़ी कार्यकर्ताएँ घर-घर जाकर नागरिकों को विभिन्न संचारी बीमारियों के लक्षण, उपचार और रोकथाम के उपाय बताएंगी। मुख्य विकास अधिकारी ने गोष्ठी को संबोधित करते हुए बताया कि विभिन्न विभागों की जिम्मेदारियाँ तय कर दी गई हैं। पंचायत राज विभाग ग्रामीण क्षेत्रों में एंटीलार्वल छिड़काव, फॉगिंग, नालियों और तालाबों की सफाई, झाड़ियों की कटाई और शुद्ध पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करेगा। नगर विकास विभाग इन्हीं दायित्वों का निर्वहन नगरीय क्षेत्रों में करेगा।
शिक्षा विभाग विद्यालयों में छात्रों को व्यक्तिगत स्वच्छता, जैसे शौच के बाद और भोजन से पहले हाथ धोना, साफ-सफाई, पर्याप्त पानी पीना और गर्मी में धूप से बचाव का प्रशिक्षण देगा। कृषि विभाग ग्रामीणों को चूहा, छछूंदर जैसे रेप्टाइल्स से होने वाली बीमारियों के प्रति जागरूक करेगा, जबकि पशुपालन विभाग पशुओं को घर से दूर बाँधने और पशु जनित बीमारियों से बचाव के उपाय बताएगा। जागृति अवस्थी ने बताया कि यह अभियान पूरे अप्रैल माह तक चलेगा। अप्रैल में गर्मी और लू के प्रकोप को देखते हुए, पंचायत राज विभाग, शिक्षा विभाग और चिकित्सा विभाग विशेष रूप से पंचायत भवन, चौराहों, स्कूलों, कार्यालयों और चिकित्सालयों में शुद्ध पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे।
अंत में, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रेमनाथ ने सभी अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापित किया। इस कार्यक्रम में आर.के. सिंह, अनिल दूबे, कुमार शुभम, देवाशीष पाण्डेय, मधु, कुमारी जूही सिंह, सभाजीत प्रसाद सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply