DniNews.Live

जीआरपी ने चोर पकड़ा, 27 हजार का मोबाइल बरामद:सुल्तानपुर में नशे की लत पूरी करने के लिए करता था ट्रेनों में चोरी

सुलतानपुर में राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने ट्रेनों और रेलवे स्टेशनों पर चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने बुधवार को चेकिंग के दौरान एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर उसके पास से चोरी का एक कीमती मोबाइल फोन बरामद किया है। पुलिस अधीक्षक रेलवे लखनऊ, रोहित मिश्रा के निर्देश पर संदिग्ध व्यक्तियों और वस्तुओं की सघन तलाशी का अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थानाध्यक्ष भोला शंकर के नेतृत्व में जीआरपी टीम ने 1 अप्रैल को प्लेटफॉर्म नंबर 1 के वाराणसी छोर पर स्थित माल गोदाम के पास से एक संदिग्ध युवक को पकड़ा। गिरफ्तार किए गए अभियुक्त की पहचान सूरज मिश्रा (उम्र 32 वर्ष) के रूप में हुई है, जो मिश्रा का पुरवा लोकीपुर, थाना कूड़ेभार, सुलतानपुर का निवासी है। उसके पास से एक काले रंग का रियलमी (Realme) टचस्क्रीन मोबाइल फोन बरामद हुआ है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 27,000 रुपये बताई गई है। अभियुक्त सूरज मिश्रा के विरुद्ध मामला पंजीकृत किया गया है। पुलिस पूछताछ में अभियुक्त ने अपना जुर्म स्वीकार करते हुए बताया कि वह नशे का आदी है। अपनी नशे की लत को पूरा करने के लिए पैसों का इंतजाम करने हेतु वह रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में छोटी-मोटी चोरियां करता था। इस सफल कार्रवाई में उप-निरीक्षक दीवान चन्द रावत, कांस्टेबल नितिन कुमार, सूर्यप्रकाश सरोज और आरपीएफ पोस्ट के रामबहादुर यादव शामिल रहे। अभियुक्त को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *