प्रतापगढ़ जिला न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। यह धमकी जिला जज की आधिकारिक ईमेल आईडी पर भेजी गई, जिसके बाद न्यायिक और पुलिस प्रशासन तुरंत अलर्ट हो गया। जानकारी के अनुसार, बीती रात करीब 1 बजे जिला जज के ऑफिशियल ईमेल आईडी पर एक संदेश प्राप्त हुआ। इसमें आज दोपहर 1:30 बजे न्यायालय परिसर को बम से उड़ाने की बात कही गई थी। सुबह ईमेल देखने के बाद मामले की गंभीरता को समझते हुए तत्काल पुलिस अधीक्षक (एसपी) को सूचित किया गया। सूचना मिलते ही पुलिस महकमा सक्रिय हो गया। एसपी के निर्देश पर पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों की टीमों ने जिला न्यायालय परिसर में सघन तलाशी अभियान चलाया। डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ता भी मौके पर बुलाया गया और पूरे परिसर की बारीकी से जांच की गई। हालांकि, तलाशी के दौरान कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। इसके बावजूद, सुरक्षा के मद्देनजर न्यायालय परिसर में सतर्कता बढ़ा दी गई है। पुलिस ने एहतियातन सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया है और आने-जाने वालों की सघन चेकिंग की जा रही है। वहीं, साइबर टीम को ईमेल भेजने वाले की पहचान और लोकेशन ट्रेस करने के लिए लगाया गया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जल्द ही आरोपी को चिन्हित कर उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद न्यायालय परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

Leave a Reply