महाराजगंज के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में विशेष संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया ने फीता काटकर इस अभियान की शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने जनमानस को जागरूक करने के लिए एक प्रचार वाहन (एलईडी वैन) को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) डॉ. नवनाथ, मुख्य चिकित्साधीक्षक (CMS) डॉ. के. पी. सिंह, जिला स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी भगवत सिंह और सूर्य प्रताप सिंह सहित स्वास्थ्य विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। अपने संबोधन में सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया ने कहा कि डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया जैसे संचारी रोगों से बचाव के लिए स्वच्छता और जागरूकता सबसे बड़े हथियार हैं। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में यह विशेष अभियान पूरे प्रदेश में चलाया जा रहा है, जिसका उद्देश्य प्रत्येक नागरिक को स्वस्थ और सुरक्षित रखना है। मुख्य विकास अधिकारी डॉ. नवनाथ ने अभियान के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इसके तहत स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर लोगों को मच्छरों से बचाव, साफ-सफाई और शुद्ध पेयजल के महत्व के बारे में जागरूक करेंगी।

Leave a Reply