मुजफ्फरनगर जनपद के शाहपुर थाना क्षेत्र में एक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा शोरम गेट के पास बरातियों की स्विफ्ट कार और एक कैंटर के बीच आमने-सामने की टक्कर से हुआ। जानकारी के अनुसार, स्विफ्ट कार में कुल पांच लोग सवार थे, जो बुढाना से बारात में शामिल होने जा रहे थे। शाहपुर क्षेत्र के शोरम गेट के पास पहुंचने पर मुजफ्फरनगर की ओर से आ रहे तेज रफ्तार कैंटर से उनकी कार की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के कारण कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इस हादसे में कार सवार तालाबुद्दीन पुत्र मेहरदीन की मौके पर ही मौत हो गई। कार में सवार अन्य चार व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुए हैं। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने राहगीरों की मदद से घायलों को क्षतिग्रस्त वाहन से बाहर निकाला और तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) शाहपुर में भर्ती कराया। मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने घटनास्थल से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात सुचारू कराया और मामले की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply