DniNews.Live

वित्तमंत्री ने संचारी-रोग नियंत्रण अभियान रैली को हरी झंडी दिखाई:आशा-आंगनबाड़ी कार्यकर्ता घर-घर जाकर करेंगे जागरूक

शाहजहांपुर में वित्तमंत्री एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना ने संचारी रोग नियंत्रण अभियान रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह अभियान 1 अप्रैल से 30 अप्रैल तक चलेगा। इसी अवधि में 10 अप्रैल से 30 अप्रैल तक दस्तक अभियान भी चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को संचारी रोगों से बचाव के प्रति जागरूक करेंगे। इस दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) और अपर जिलाधिकारी (एडीएम) प्रशासन रजनीश मिश्रा भी उपस्थित रहे। स्वच्छता और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक इस अवसर पर एक जन जागरूकता रैली का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। रैली में शामिल प्रतिभागियों ने बैनर और पोस्टर के माध्यम से “7 का वार, संचारी रोगों पर प्रहार” और “स्वास्थ्य व्यवहार अपनाना है – संचारी रोगों को हराना है” जैसे संदेश दिए। इसका उद्देश्य आमजन को स्वच्छता और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना था। मच्छरों से बचाव के लिए फागिंग और छिड़काव अभियान के अंतर्गत नगर निगम ने कचरा उठाने वाली गाड़ियों, टीपर और ट्रैक्टरों को गुब्बारों एवं प्रचार सामग्री से सजाकर स्वच्छता का संदेश दिया। इसके अतिरिक्त, स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने मच्छरों के प्रकोप को नियंत्रित करने के लिए फागिंग और छिड़काव का कार्य भी किया। इस कार्यक्रम में नगर निगम के अधिकारी और जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे, जिन्होंने अभियान को सफल बनाने के लिए आमजन से सहयोग की अपील की। संचारी रोगों से बचाव के लिए सावधानी बरतें जनपदवासियों से अपील की गई कि वे संचारी रोगों से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियां बरतें। इनमें मच्छरदानी का प्रयोग करना, घर के दरवाजों और खिड़कियों पर जाली लगवाना, पानी की टंकियों को ढक कर रखना शामिल है। बुखार या अन्य लक्षण महसूस होने पर तुरंत 108 नंबर पर कॉल करने अथवा नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जाकर जांच कराने की सलाह दी गई। प्रशासन ने सभी नागरिकों से इस अभियान में सक्रिय सहभागिता की अपेक्षा की है, ताकि जनपद को संचारी रोगों से मुक्त किया जा सके।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *