अमेठी में बाल श्रम के विरुद्ध सख्ती बरतते हुए बुधवार को एक विशेष अभियान चलाया गया। यह अभियान उपजिलाधिकारी गौरीगंज और जिला प्रोबेशन अधिकारी के निर्देशन में हुआ। इसमें विभिन्न विभागों की संयुक्त टीम ने मुंशीगंज क्षेत्र के प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया, जिसका उद्देश्य बाल श्रम पर पूर्ण प्रतिबंध सुनिश्चित करना था। अभियान के दौरान चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, बाल कल्याण समिति और मानव तस्करी रोधक इकाई (एएचटीयू) की संयुक्त टीम ने मुंशीगंज चौराहा, होटलों, स्पा सेंटरों और संजय गांधी नर्सिंग हॉस्टल का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के समय, सभी प्रतिष्ठान संचालकों को बाल श्रम न कराने की कड़ी चेतावनी दी गई। उन्हें भविष्य में नियमों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। जांच में किसी भी स्पा सेंटर में नाबालिग बालक या बालिका कार्यरत नहीं पाए गए।
हालांकि, संबंधित संचालकों को स्पष्ट रूप से बताया गया कि नाबालिगों से काम कराना गैरकानूनी है। भविष्य में ऐसा पाए जाने पर बाल श्रम कानून के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी। इस अभियान में चाइल्ड हेल्पलाइन के प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर गौरव श्रीवास्तव और रुचि सिंह, बाल कल्याण समिति के नीरज पांडे, एएचटीयू टीम प्रभारी रामराज कुशवाहा, हेड कांस्टेबल शिवा प्रताप सिंह और थाना मुंशीगंज की पुलिस टीम शामिल रही।

Leave a Reply