संभल में किराएदार बनकर आए एक व्यक्ति ने दंपती को नशा सुंघाकर सोने-चांदी के आभूषण और नकदी लूट ली। घटना का पता सुबह चला जब दंपती अचेत अवस्था में मिले। उन्हें इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गुन्नौर में भर्ती कराया गया है। पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की छानबीन कर रही है। यह घटना संभल जनपद की तहसील गुन्नौर के थाना बबराला कस्बा क्षेत्र की शिवपुरी कॉलोनी में हुई। मंगलवार रात करीब 9 बजे एक अज्ञात व्यक्ति किराएदार बनकर कस्बा निवासी सुरेश चंद के घर पहुंचा। उसने ₹500 देकर एक घंटे तक बातचीत की और मकान किराए पर लेने की बात तय कर ली। इसी दौरान मकान मालिक सुरेश चंद्र और उनकी पत्नी गुड्डू देवी बेहोश हो गए और पूरी रात अचेत अवस्था में पड़े रहे। बुधवार सुबह जब घर से कोई बाहर नहीं आया, तो उनके भतीजे नीरज ने अंदर जाकर देखा। उन्हें पति-पत्नी जमीन पर अचेत अवस्था में मिले। घर का सारा सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी से सोने-चांदी के आभूषणों के साथ करीब ₹20,000 की नकदी भी गायब थी। भतीजे नीरज ने तत्काल डायल 112 पुलिस को घटना की सूचना दी। एंबुलेंस की मदद से दंपति को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां दो घंटे के इलाज के बाद उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। डायल 112 पुलिस के पहुंचने के बाद स्थानीय थाना पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाल रही है ताकि आरोपी का पता लगाया जा सके। पड़ोसी दयाराम ने बताया कि दंपति घर के अंदर अचेत अवस्था में पड़े थे और सारा सामान बिखरा हुआ था। उन्होंने जानकारी दी कि रात में कोई किराएदार आया था जिसने उनके घर पर खाना भी खाया था। उसी के बाद से दंपति बेहोशी की हालत में मिले हैं। दयाराम के अनुसार, आरोपी ने खुद को बिजली विभाग का जेई बताया था। पुलिस ने मौके पर आकर पूछताछ की और दंपति को अस्पताल पहुंचाया। पड़ोसी ने बताया कि घर से क्या-क्या सामान गया है, इसकी पूरी जानकारी तो दंपति ही दे पाएंगे, लेकिन उनके कानों के कुंडल गायब थे। थाना प्रभारी सौरभ त्यागी ने बताया कि घटना संज्ञान में आई है पूरी जांच की जा रही है। अस्पताल में इलाज चल रहा है अभी उनसे बातचीत नहीं हुई है, किराएदार बनकर कोई व्यक्ति उनके घर में आया था और रात को रोटी खाकर इन्हीं के यहां सोया था लेकिन वह आदमी अब गायब है।

Leave a Reply