DniNews.Live

फतेहपुर में करंट लगने से लाइनमैन की मौत:शटडाउन लेकर काम करते समय हादसा, विभाग पर लापरवाही का आरोप

फतेहपुर जनपद में एक बिजलीकर्मी की करंट लगने से मौत हो गई। यह घटना बुधवार को अलीपुर के समीप बिंदकी-चौडगरा मार्ग पर हुई। मृतक की पहचान 35 वर्षीय नोखेलाल पुत्र नेपाली, निवासी मौहार, थाना कल्यानपुर के रूप में हुई है। वह चौडगरा विद्युत उपकेंद्र में कार्यरत थे। देखिए घटना से जुड़ी तस्वीरें… पढ़िए पूरी खबर… घटना बुधवार की कल्यानपुर थाना क्षेत्र की है। नोखेलाल सुबह करीब 11 बजे शटडाउन लेकर लाइन पर काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक विभाग द्वारा लाइन चालू कर दी गई, जिससे वह करंट की चपेट में आ गए और मौके पर ही उनकी मृत्यु हो गई। घटना के बाद उनके साथ मौजूद छोटू नामक लाइनमैन मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए। मृतक के पिता, भाई मंहगू और रोहित, तथा पत्नी संगीता का रो-रोकर बुरा हाल था। नोखेलाल का एक 4 वर्षीय बेटा शिव भी है। गुस्साए परिजनों ने शव को सड़क पर रखकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई और मुआवजे की मांग की। उन्होंने मार्ग बाधित कर दिया, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। सूचना पर कल्याणपुर थाना, औंग और बिंदकी कोतवाली का पुलिस बल मौके पर पहुंचा और बाधित मार्ग को सुचारू कराया। घटना के लगभग चार घंटे बाद, अधिशासी अभियंता (एक्शन) सत्य प्रकाश वर्मा, एसडीओ सत्य प्रकाश मिश्रा, जूनियर इंजीनियर विवेक शर्मा और क्षेत्र अधिकारी बिंदकी गौरव शर्मा मौके पर पहुंचे। अधिकारियों द्वारा दोषियों के खिलाफ कार्रवाई के आश्वासन के बाद, परिजन शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने पर सहमत हुए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस दौरान कानूनगो भोला प्रसाद, मौहार ग्राम प्रधान नरेंद्र सिंह कछवाह, कोतवाली प्रभारी तुषार श्रीवास्तव, नायब तहसीलदार सुशील सिंह, लेखपाल पवन मोर, सुनील अलीपुर, नीरज शाहजहांपुर, किसान नेता शैलेंद्र सिंह, विद्युत लाइनमैन गोपाल शुक्ला, नयन सिंह, महेश कुमार सहित सैकड़ों ग्रामीण और अन्य साथी मौके पर मौजूद रहे।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *