DniNews.Live

मऊ में हिंदू जागरण समिति का प्रदर्शन:अवर अभियंता पर भ्रष्टाचार का आरोप, बोले- सरकारी जमीनों पर कब्जा दिलवा रहे

मऊ में हिंदू जागरण समिति के कार्यकर्ताओं ने मास्टर प्लान विभाग के अवर अभियंता पर भ्रष्टाचार और अवैध धन उगाही के गंभीर आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष मनीष सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन नगर मजिस्ट्रेट को सौंपा और उच्च स्तरीय जांच की मांग की। समिति के राष्ट्रीय संगठन मंत्री एडवोकेट रामकृष्ण भारद्वाज ने आरोप लगाया कि मऊ का मास्टर प्लान विभाग भ्रष्टाचार, अवैध वसूली और दलाली का केंद्र बन चुका है। उन्होंने कहा कि पैसे लेकर बिना उचित जांच के सरकारी जमीनों पर अवैध मानचित्र स्वीकृत किए जा रहे हैं और अवैध निर्माण को संरक्षण दिया जा रहा है।
राष्ट्रीय प्रवक्ता नरेंद्र सिंह ने जिला प्रशासन पर निष्क्रियता का आरोप लगाते हुए कहा कि वरिष्ठ अधिकारियों की नाक के नीचे खुलेआम भ्रष्टाचार हो रहा है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की जा रही। उन्होंने कहा कि अवर अभियंता बिना रिश्वत के कोई कार्य नहीं करते, जिससे शासन-प्रशासन की छवि धूमिल हो रही है। समिति के प्रांत उपाध्यक्ष एडवोकेट योगेंद्र प्रजापति ने कहा कि अवर अभियंता जानबूझकर नियमों की अनदेखी कर रहे हैं और विभाग में पारदर्शिता के बजाय भ्रष्टाचार को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि कई बार लिखित शिकायतें देने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
जिलाध्यक्ष मनीष सिंह, नगर अध्यक्ष रोशन सोनी और यूथ ब्रिगेड अध्यक्ष आर्यन सिंह ने आरोप लगाया कि अवर अभियंता भूमाफियाओं से मिलीभगत कर सरकारी जमीनों पर कब्जा दिलवा रहे हैं और अवैध निर्माण को सुविधा शुल्क लेकर संरक्षण दे रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो समिति भ्रष्टाचार के खिलाफ उग्र आंदोलन करेगी। इस दौरान राजकुमार मौर्य, नखडू साहनी, अंकित प्रजापति, अभिषेक, अनुराग बरनवाल समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *