बाराबंकी जनपद के दरियाबाद थाना क्षेत्र में बुधवार को एक उपभोक्ता ने गैस सिलेंडर न मिलने और कथित कालाबाजारी के विरोध में प्रदर्शन किया। पिछले 15 दिनों से रसोई गैस के लिए भटक रहे उपभोक्ता ने गैस से लदी गाड़ी के आगे लेटकर अपना विरोध दर्ज कराया। यह घटना दरियाबाद ब्लॉक मुख्यालय के सामने स्थित ‘ओम गैस एजेंसी’ पर हुई। 15 मार्च को गैस बुक पीड़ित उपभोक्ता की पहचान कुशफर निवासी अशोक सिंह पुत्र अंबिका सिंह के रूप में हुई है। अशोक सिंह ने बताया कि उन्होंने 15 मार्च को गैस बुक कराई थी, जिसका डीएसी (DAC) कोड 16 मार्च को उनके मोबाइल पर आ गया था। इसके बावजूद उन्हें कई दिनों से मिर्कापुर स्थित वितरण स्थल से सिलेंडर नहीं मिल रहा था। अशोक सिंह ने एजेंसी के कर्मचारियों पर गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना है कि बुधवार को जब वे गैस लेने पहुंचे तो उन्हें घंटों लाइन में खड़ा रखा गया, जबकि एजेंसी कर्मचारी पीछे के रास्ते से अपने चहेतों को ब्लैक में गैस सिलेंडर दे रहे थे। जब उन्होंने इस धांधली का विरोध किया, तो उनसे गैस देने के बदले 2000 रुपये की अवैध मांग की गई। व्यवस्था से निराश होकर अशोक सिंह ने गैस वाहन के आगे लेटकर अपना विरोध दर्ज कराया। उन्होंने यह भी बताया कि इस पूरी धांधली और भ्रष्टाचार की शिकायत वे 31 मार्च को ही आईजीआरएस (IGRS) के माध्यम से शासन-प्रशासन से कर चुके थे। घंटों अफरा-तफरी का माहौल इस घटना के बाद मौके पर राहगीरों की भारी भीड़ जमा हो गई और गैस वितरण स्थल पर घंटों अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। क्षेत्र में गैस वितरण की व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है और रसद विभाग की कथित चुप्पी के चलते कालाबाजारी करने वालों के हौसले बुलंद हैं। सड़क पर लेटे युवक की तस्वीरें सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रही हैं।

Leave a Reply