अमेठी में आज से ‘स्कूल चलो अभियान’ का शुभारंभ हो गया है। जिला पंचायत रिसोर्स सेंटर (डीपीआरसी) में आयोजित एक कार्यक्रम में जिलाधिकारी (डीएम) संजय चौहान, मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) और बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) सहित बड़ी संख्या में अध्यापक मौजूद रहे। अभियान के तहत, पहली बार स्कूलों में दाखिला लेने वाले छोटे बच्चों का तिलक लगाकर और माला पहनाकर स्वागत किया गया। उन्हें चॉकलेट और स्कूली बैग भी दिए गए, जिससे उनका उत्साहवर्धन हो सके। इस अवसर पर, सर्वाधिक नामांकन कराने वाले जिले के विभिन्न ब्लॉकों के 17 अध्यापकों को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
बीएसए संजय तिवारी ने बताया कि जिले में कुल 1570 विद्यालय हैं, जिनमें वर्तमान में 1 लाख 40 हजार बच्चों का नामांकन है। इस वर्ष विभाग का लक्ष्य 40 हजार और बच्चों का नामांकन कराना है। उन्होंने यह भी बताया कि जिले में 19 पीएम श्री विद्यालय हैं, जहां अध्यापकों द्वारा लगातार नए प्रयोग किए जा रहे हैं। सभी विद्यालयों में बिजली और लाइब्रेरी की सुविधा उपलब्ध है और वे शासन द्वारा निर्धारित सभी 19 मापदंडों पर खरे उतरते हैं। डीएम संजय चौहान ने अभियान के उद्देश्य पर जोर देते हुए कहा कि इसका मतलब बच्चों को जबरदस्ती पढ़ाना नहीं है। हमारा प्रयास होना चाहिए कि बच्चों के मन से यह डर निकले कि वे यहां पढ़कर आगे बढ़ पाएंगे या नहीं। उन्होंने कहा कि हमें उन सभी बच्चों को खोजना है जो किसी कारणवश पढ़ने नहीं आ पाते और उन्हें इस अभियान से जोड़ना है। डीएम ने शत-प्रतिशत बच्चों के साथ-साथ शत-प्रतिशत अध्यापकों की भी स्कूल में उपस्थिति सुनिश्चित करने की बात कही।

Leave a Reply