DniNews.Live

कासगंज में रिहायशी इलाके में शराब ठेके का विरोध:स्कूल के रास्ते पर दुकान प्रस्ताव से महिलाएं नाराज, सड़क जाम की

कासगंज के गंगेश्वर कॉलोनी क्षेत्र में बुधवार को सरस्वती शिशु मंदिर रोड पर प्रस्तावित देशी शराब की दुकान के विरोध में बड़ी संख्या में महिलाओं ने प्रदर्शन किया। रिहायशी इलाके में ठेका खोले जाने की सूचना पर महिलाओं ने मुख्य मार्ग पर जाम लगा दिया, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई। प्रदर्शनकारी महिलाओं का कहना था कि घनी आबादी वाले क्षेत्र और स्कूल जाने वाले रास्ते पर शराब की दुकान खोलना पूरी तरह अनुचित है। उन्होंने आरोप लगाया कि इससे क्षेत्र का सामाजिक माहौल खराब होगा और असामाजिक तत्वों की आवाजाही बढ़ेगी, जिससे अपराध की आशंका भी बढ़ सकती है। महिलाओं ने विशेष रूप से बहू-बेटियों और छात्राओं की सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता व्यक्त की। उनका कहना था कि जिस मार्ग से रोजाना छात्राएं और महिलाएं गुजरती हैं, वहीं शराब का ठेका खुलने से उनका आना-जाना असुरक्षित हो जाएगा। साथ ही, स्कूल के पास ऐसी दुकान खुलने से बच्चों पर भी नकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। आक्रोशित महिलाओं ने चेतावनी दी कि मोहल्ले में किसी भी स्थिति में शराब का ठेका नहीं खुलने दिया जाएगा। इस प्रदर्शन के कारण सड़क पर लंबा जाम लग गया, जिससे यातायात बाधित हुआ और राहगीरों को परेशानी हुई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *