हरदोई के कलेक्ट्रेट परिसर में बुधवार की सुबह बेसिक शिक्षा परिषद द्वारा ‘स्कूल चलो अभियान’ के तहत जनपद स्तरीय रैली का आयोजन किया गया। इसका उद्देश्य गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को जन-जन तक पहुंचाना है। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमावती पीके वर्मा ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली कलेक्ट्रेट से शुरू होकर सिनेमा चौराहा, बड़ा चौराहा, अटल चौराहा आदि स्थान से गुजरी। बच्चों ने शिक्षा से जुड़े हुए नारे लगाकर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। जिला पंचायत अध्यक्ष ने ‘स्कूल चलो अभियान’ के प्रति जन जागरूकता बढ़ाने और समाज में शिक्षा के महत्व का संदेश दिया। कहा कि जीवन में शिक्षा का बहुत महत्वपूर्ण स्थान है। शिक्षा से ही घर, समाज और देश का नाम रोशन किया जा सकता है। इसलिए सभी लोग अपने बच्चों को स्कूल जरूर भेजें। कहा कि यह अभियान प्रत्येक बच्चे को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है। जिला पंचायत अध्यक्ष सभी से हर बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दिलाने में अपना योगदान करने का संकल्प लेने का आह्वान किया। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी सान्या छाबड़ा, प्राचार्य/उप शिक्षा निदेशक रमेंद्र कुमार सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. अजित सिंह सहित शिक्षा विभाग के सदस्य और मेधावी छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply