DniNews.Live

अलीगढ़ में बस और ट्रैक्टर में टक्कर, 15 यात्री घायल:ड्राइवर और कंडक्टर घायल, इलाज के अस्पताल में भर्ती

अलीगढ़ के गोरई थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। मथुरा रोड पर श्योरा बहादुरपुर के पास राजस्थान रोडवेज की बस और ईंटों से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली की आमने-सामने की टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में बस में सवार 15 यात्री घायल हो गए, जबकि बस का ड्राइवर और कंडक्टर गंभीर रूप से चोटिल हुए हैं। यह हादसा सुबह लगभग 5:00 बजे हुआ। राजस्थान रोडवेज की बस (RJ 14 PG 7582) जयपुर से अलीगढ़ आ रही थी। श्योरा बहादुरपुर गांव के समीप पहुंचते ही उसकी टक्कर सामने से आ रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली से हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही 112 डायल पुलिस और गोरई इंस्पेक्टर ज्योति श्रीवास्तव मौके पर पहुंचीं। घायल 15 यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं, जिन्हें उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) इगलास भेजा गया है। बस का ड्राइवर टक्कर के बाद केबिन में फंस गया था, जिसे पुलिसकर्मियों ने बड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला। ड्राइवर के पैरों में गंभीर चोटें आई हैं। वहीं, बस कंडक्टर के सिर में भी गहरी चोटें आई हैं। ड्राइवर और कंडक्टर दोनों को गंभीर हालत में अलीगढ़ के मेडिकल अस्पताल रेफर किया गया है। गोरई इंस्पेक्टर ज्योति श्रीवास्तव ने बताया कि सुबह 5 बजे दुर्घटना की सूचना मिली थी, जिसके बाद तुरंत टीम मौके पर पहुंची। उन्होंने पुष्टि की कि 15 यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं, जबकि ड्राइवर और कंडक्टर के सिर व पैरों में गंभीर चोटें हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए भेजा गया है और दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को थाने भिजवाया जा रहा है।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *