DniNews.Live

अयोध्या में बस-ट्रेलर में हुई टक्कर, ड्राइवर-खलासी घायल:लखनऊ-गोरखपुर हाईवे पर हादसा,जिला अस्पताल रेफर

अयोध्या जिले में लखनऊ-गोरखपुर नेशनल हाईवे पर बुधवार सुबह सड़क हादसा हुआ। रुदौली कोतवाली क्षेत्र के रौजागांव ओवरब्रिज के पास एक तेज रफ्तार डबल डेकर बस आगे चल रहे ट्रेलर ट्रक में पीछे से जा घुसी। इस दुर्घटना में बस का चालक और खलासी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा सुबह के समय हुआ जब बस (BR-28-P 3886) ने ट्रेलर (UP-53-G-8851) को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही रुदौली कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक संजय मौर्य और उपनिरीक्षक अभय प्रताप सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रुदौली पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल अयोध्या रेफर कर दिया गया। पुलिस के मुताबिक, हादसे में बस चालक सुरेश कुमार (निवासी मथुरा) और खलासी बृजेश कुमार (निवासी मैनपुरी) गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दोनों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। गनीमत रही कि बस में सवार अन्य यात्रियों को कोई गंभीर चोट नहीं आई। हादसे के कारणों की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बस ने ट्रेलर को पीछे से टक्कर मारी थी। स्थानीय लोगों में चर्चा है कि संभवतः बस चालक को झपकी आ गई होगी, जिससे यह दुर्घटना हुई। पुलिस इस बिंदु पर भी जांच कर रही है। पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में ले लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। क्षेत्राधिकारी आशीष निगम ने बताया कि मामले की जांच जारी है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मौके पर कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य बनी रही।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *