कानपुर देहात के जैनपुर गांव में पिछले आठ दिनों से बिजली आपूर्ति ठप है। इससे नाराज ग्रामीणों ने बुधवार को मुगल रोड जाम कर प्रदर्शन किया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। यह समस्या 24 मार्च 2026 की मध्यरात्रि में हुई एक दुर्घटना के कारण उत्पन्न हुई। एक शताब्दी बस और ट्राले की भिड़ंत में विद्युत लाइन के दो पोल टूट गए थे। इस हादसे में जैनपुर गांव का ट्रांसफार्मर भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था। तब से लेकर अब तक क्षतिग्रस्त ट्रांसफार्मर को बदला नहीं गया है, जिससे गांव में लगातार बिजली गुल है। बिजली न होने के कारण गांव में पेयजल संकट गहरा गया है। बच्चों की पढ़ाई और ग्रामीणों का दैनिक जीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। कई बार शिकायत के बावजूद समस्या का समाधान न होने से ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ गया। प्रदर्शन के दौरान ग्रामीण अपने साथ जनरेटर लेकर आए और उसे सड़क पर चलाकर विरोध दर्ज कराया। आक्रोशित ग्रामीणों ने विद्युत उपकेंद्र पर भी ताला लगा दिया। सूचना मिलने पर राजपुर थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाने और जाम खुलवाने का प्रयास किया। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया और बिजली आपूर्ति बहाल नहीं की गई, तो उनका आंदोलन और तेज होगा।

Leave a Reply