रायबरेली के बछरावां थाना क्षेत्र में बीते तीन दिनों से रात में एक रहस्यमयी रोशनी दिखाई दे रही है। पश्चिम गांव के निकट बांदा-बहराइच राजमार्ग किनारे खेतों की ओर यह अजीब चमक लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है। इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर देखा जा रहा है, जिसमें ग्रामीण इसे ‘नागमणि’ होने की बात कह रहे हैं। वीडियो में अंधेरे में एक स्थान पर तेज चमकती हुई रोशनी नजर आ रही है। ग्रामीणों के अनुसार, यह रोशनी काफी देर तक दिखाई देती है और जैसे ही कोई व्यक्ति इसके नजदीक जाने की कोशिश करता है, यह अचानक बंद हो जाती है। दूर हटने पर रोशनी फिर से दिखाई देने लगती है। यह घटना 31 मार्च, मंगलवार की रात 8 बजे से शुरू हुई थी। कुछ ग्रामीण इसे चमत्कारी घटना बताते हुए ‘नागमणि’ होने की संभावना जता रहे हैं, जबकि अन्य लोग इसे किसी प्राकृतिक या अन्य कारण से उत्पन्न रोशनी मान रहे हैं। घटना की सूचना आसपास के गांवों में फैलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए, जिससे क्षेत्र में कौतूहल का माहौल बन गया है।
गौरव, निजाम, मुन्ना, अफरोज, नवीन, अनिल और सुनील समेत कई ग्रामीणों ने बताया कि यह घटना स्थल पश्चिम गांव स्थित पेट्रोल पंप के सामने बांदा-बहराइच हाईवे से लगभग सौ मीटर की दूरी पर है। वहां एक विद्युत पोल भी लगा हुआ है। यह रोशनी जमीन से निकलती प्रतीत होती है और बीते तीन दिनों से लगभग साढ़े सात बजे से आठ बजे के बीच उत्पन्न होती है, जो तकरीबन 30 से 45 सेकंड तक चमकती रहती है। फिलहाल इस रहस्यमयी रोशनी के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन द्वारा जांच कराए जाने से ही सच्चाई सामने आ सकेगी और इस घटना के पीछे का रहस्य उजागर हो पाएगा।

Leave a Reply