गोरखपुर में सड़क पर लोगों के व्यवहार को सुधारने और ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए पुलिस एक नया अभियान शुरू करने जा रही है। इस अभियान में सख्ती के साथ-साथ लोगों को जागरूक करने पर भी जोर दिया जाएगा, ताकि शहर में जाम की समस्या कम हो सके। गलत पार्किंग पर सख्त कार्रवाई इस अभियान का मुख्य फोकस सड़क किनारे गलत तरीके से खड़े वाहनों पर होगा। पुलिस अब ऐसे वाहनों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई करेगी। इसके लिए हर थाने को व्हील क्लैंप दिए जा रहे हैं। जिनकी मदद से नियम तोड़ने वाले वाहनों को मौके पर ही लॉक कर दिया जाएगा। क्लैंप लगाकर सड़क पर ही लॉक होगी गाड़ी यदि कोई वाहन सड़क या सार्वजनिक स्थान पर गलत तरीके से खड़ा पाया जाता है, तो पुलिस उसकी गाड़ी में व्हील क्लैंप लगा देगी। इसके बाद वाहन मालिक को जुर्माना भरने के बाद ही अपनी गाड़ी छुड़ाने की अनुमति मिलेगी। इस कदम से लोगों में नियमों का पालन करने की आदत बढ़ेगी। जागरूकता पर भी रहेगा जोर SSP डॉ. कौस्तुभ ने बताया कि- यह अभियान सिर्फ कार्रवाई तक सीमित नहीं रहेगा। पुलिस लोगों को सही तरीके से वाहन पार्क करने के बारे में भी समझाएगी। मौके पर ही पुलिसकर्मी लोगों को बताएंगे कि किस तरह गाड़ी खड़ी करें ताकि ट्रैफिक बाधित न हो। हेलमेट अभियान की तरह मिलेगा असर पुलिस का मानना है कि जैसे पहले हेलमेट अभियान से लोगों में सकारात्मक बदलाव देखने को मिला था। उसी तरह यह पार्किंग अभियान भी असरदार साबित होगा। इससे सड़क पर अनुशासन बढ़ेगा और जाम की समस्या में कमी आएगी। शहर में व्यवस्था सुधारने की कोशिश इस अभियान के जरिए पुलिस शहर में ट्रैफिक व्यवस्था को व्यवस्थित करना चाहती है। साथ ही लोगों में जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का भी प्रयास किया जाएगा, ताकि सभी मिलकर सड़क को सुरक्षित और सुचारू बना सकें।

Leave a Reply