DniNews.Live

शाहजहांपुर में नाबालिग को भगा ले जाने वाला गिरफ्तार:फोन कर कहा था- चार घंटे में बेटी को वापस कर देंगे

शाहजहांपुर में एक नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान पंकज के रूप में हुई है, जो तिलहर थाना क्षेत्र के रूद्रपुर का निवासी है। पुलिस ने नाबालिग को बरामद कर उसका मेडिकल परीक्षण कराया और बयान दर्ज किए हैं। चौक कोतवाली क्षेत्र के एक व्यक्ति ने अपनी 17 वर्षीय बेटी को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने का आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, 28 मार्च को बेटी दवा लेने गई थी, तभी उसके स्कूल के दोस्त का भाई उसे अपने साथ ले गया। आरोपी ने खुद फोन करके लड़की के अपने साथ होने की जानकारी दी थी। 29 मार्च को उसने फिर फोन किया और कहा कि वह चार घंटे में बेटी को वापस कर देगा, जिसके बाद उसने अपना फोन बंद कर लिया था। पुलिस ने आरोपी की तलाश और नाबालिग की बरामदगी के लिए एक टीम गठित की थी। मुखबिर की सूचना पर नाबालिग को बरामद किया गया। उसके बयान और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराएं बढ़ाई गईं। पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी पंकज राजपूत आनंदपुरम कॉलोनी स्थित एक मैरिज लॉन के पास है। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया है।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *