गोंडा जिले के परिषदीय और माध्यमिक विद्यालयों में आज से नया शैक्षिक सत्र शुरू हो गया है। कुल 2609 परिषदीय और 512 माध्यमिक विद्यालयों में प्राइमरी, उच्च प्राथमिक और माध्यमिक स्तर की कक्षाएं संचालित होना शुरू हो गई हैं। नए सत्र के पहले दिन नन्हे-मुन्ने बच्चे अपने-अपने प्राथमिक विद्यालयों में उत्साह के साथ पहुंचे। उच्च प्राथमिक और माध्यमिक विद्यालयों में भी छात्र-छात्राएं खुशी-खुशी पढ़ने के लिए पहुंचे और अपनी कक्षाओं में पढ़ाई शुरू की। कई स्थानों पर बच्चों का स्वागत भी किया गया। इसी के साथ, गोंडा जिले के सभी 2609 परिषदीय विद्यालयों में ‘स्कूल चलो अभियान’ के तहत रैलियां निकाली गईं। इन रैलियों के माध्यम से गांव-गांव जाकर अभिभावकों को बच्चों के नामांकन के लिए प्रेरित किया गया। उन्हें परिषदीय विद्यालयों में मिलने वाली निःशुल्क सुविधाओं के बारे में भी जानकारी दी गई। ‘स्कूल चलो रैली’ अभियान के दौरान बच्चों ने “हम बच्चों का नारा शिक्षा अधिकार हमारा” जैसे नारे लगाए है।
स्कूली बच्चों ने खुद भी घर-घर जाकर अन्य बच्चों से मुलाकात की और उन्हें स्कूल आकर पढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया है। गोंडा के शिक्षा क्षेत्र झंझरी स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय फिरोजपुर नवीन में बुधवार को नए सत्र के पहले दिन विभाग के निर्देश पर ‘स्कूल चलो रैली’ का आयोजन किया गया। रैली में बच्चों ने “आधी रोटी खाएंगे, स्कूल जरूर जाएंगे”, “पढ़ी-लिखी लड़की रोशनी घर की” और “मम्मी-पापा हमें पढ़ाओ, स्कूल चलकर नाम लिखाओ” जैसे प्रेरणादायक नारे लगाए। इस अवसर पर इंचार्ज प्रधानाध्यापिका मधुरिमा सिन्हा, सहायक अध्यापक जावेद कमर और गुलनाज बेगम सहित अन्य शिक्षक मौजूद रहे। गोंडा के जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अतुल तिवारी ने बताया कि सभी विद्यालयों में नए शैक्षिक सत्र की शुरुआत हो चुकी है। उन्होंने कहा कि उनका पूरा प्रयास रहेगा कि इस नए सत्र में बच्चों को विद्यालयों में बेहतर से बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराई जा सके।

Leave a Reply