फर्रुखाबाद में समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक विजय सिंह के आवास पर 17 मार्च को हुए विस्फोट में घायल पूर्व प्रधान भैया लाल की कानपुर में इलाज के दौरान मौत हो गई है। इस घटना में विधायक के दो बेटों सहित कुल छह लोग घायल हुए थे। यह विस्फोट 17 मार्च की शाम को शहर कोतवाली क्षेत्र के नाला मछरट्टा मोहल्ले में स्थित पूर्व विधायक विजय सिंह के बेसमेंट में हुआ था। धमाका इतना जबरदस्त था कि मकान का द्वितीय तल तक का लिंटर उड़ गया था, कांच टूटकर सड़क पर बिखर गए थे और दरवाजे भी उखड़ गए थे। विस्फोट में पूर्व विधायक के बेटे अविनाश और अभिषेक के साथ-साथ पूर्व प्रधान भैया लाल समेत छह लोग घायल हुए थे। गंभीर रूप से घायल भैया लाल को कानपुर रेफर किया गया था, जहां मंगलवार रात उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। विधायक के बेटों का इलाज लखनऊ में चल रहा है। शहर कोतवाली प्रभारी दर्शन सिंह सोलंकी ने भैया लाल की मौत की पुष्टि की है। बताया गया भैया लाल मऊ दरवाजा थाना क्षेत्र के गांव नूरपुर के रहने वाले है। पुलिस ने इस मामले में पूर्व विधायक के दोनों बेटों सहित सभी छह घायलों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। घटना के बाद फॉरेंसिक टीम ने मौके से नमूने लिए थे। बम निरोधक दस्ता और एटीएस की टीमें भी जांच के लिए पहुंची थीं। डीआईजी ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया था और मामले की जांच जारी है। मामले में अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने बताया पूर्व विधायक के यहां विस्फोट में घायल हुए उदय प्रताप सिंह उर्फ भैया लाल जिनके सिर में गंभीर चोट आई थी। इनको कानपुर रेफर किया गया था। वहां भैया लाल का उपचार चल रहा था।मंगलवार की रात्रि को सूचना प्राप्त हुई कि हॉस्पिटल में इनकी मृत्यु हो गई है। आज इनके शव का पोस्टमार्टम कराकर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply