रामपुर के शाहाबाद में रामगंगा नदी में डूबे एक युवक का शव लगभग 40 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद बुधवार सुबह बरामद कर लिया गया। युवक सोमवार को अपने दोस्तों के साथ नदी में नहाने गया था, तभी गहरे पानी में डूब गया था। खटकपुर मोहल्ला निवासी मोइस नामक युवक सोमवार दोपहर करीब 2 बजे अपने चार दोस्तों के साथ रामगंगा नदी में नहाने गया था। नहाते समय वह अचानक गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते डूब गया। उसके साथियों ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन हरकत में आ गया। मौके पर एसडीएम हिमांशु उपाध्याय और तहसीलदार अमित पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने तत्काल बचाव अभियान शुरू कराया। स्थानीय गोताखोरों के साथ-साथ मुरादाबाद और आसपास के जिलों से भी अनुभवी गोताखोरों की मदद ली गई।
सोमवार शाम से लगातार बचाव अभियान जारी रहा। पुलिस और पीएसी की एक प्लाटून भी मौके पर तैनात रही। गोताखोरों ने नदी में कई घंटों तक तलाश की, लेकिन लंबे समय तक युवक का कोई सुराग नहीं मिल सका। इस दौरान परिजनों की चिंता लगातार बढ़ती जा रही थी। आखिरकार बुधवार सुबह करीब 7:30 बजे गोताखोरों को सफलता मिली और युवक का शव नदी से बाहर निकाल लिया गया। अपर पुलिस अधीक्षक अनुराग सिंह ने बताया कि घटना के बाद से ही पुलिस और पीएसी की टीम लगातार मौके पर डटी हुई थी और हर संभव प्रयास किए जा रहे थे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply