औरैया में भारतीय जनता पार्टी का पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान अजीतमल मंडल में आयोजित किया जा रहा है। यह प्रशिक्षण वर्ग अजीतमल हाईवे स्थित मां शारदा गेस्ट हाउस में चल रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और पदाधिकारी भाग ले रहे हैं। प्रशिक्षण वर्ग के दूसरे दिन के पहले सत्र में नगर पंचायत दिबियापुर के अध्यक्ष राघव मिश्रा मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुए। उन्होंने संगठन को मजबूत करने, बूथ स्तर तक पार्टी को सशक्त बनाने और कार्य विस्तार पर जोर दिया। मिश्रा ने कहा कि भाजपा की असली ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अवनीश त्रिपाठी ने की। उन्होंने प्रशिक्षण वर्ग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ऐसे आयोजन कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से सशक्त बनाते हैं और संगठन में नई ऊर्जा का संचार करते हैं। प्रशिक्षण के दौरान पंडित दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद, बूथ सशक्तिकरण, सोशल मीडिया की भूमिका, संगठन विस्तार और आगामी चुनावों की रणनीति जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख रजनीश पांडे, भाजपा जिला महामंत्री यशवीर सिकरवार, अजीतमल-बाबरपुर नगर पंचायत अध्यक्ष आशा चक, चेयरमैन प्रतिनिधि अखिलेश चक, अटसू चेयरमैन प्रतिनिधि स्वदेश पोरवाल, आशाराम राजपूत, मदन पोरवाल सहित कई अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे। कार्यक्रम के समापन पर सभी कार्यकर्ताओं ने संगठन को और मजबूत बनाने तथा पार्टी की नीतियों को आमजन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

Leave a Reply