उन्नाव के आदर्श नगर मोहल्ले में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर कुल्हाड़ी और लोहे की रॉड से हमला किया गया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलने पर पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर घायल का हालचाल लिया और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया है। घायल युवक महादेव पुत्र सत्तू लाल अपने बेटे के स्कूल में पेरेंट्स मीटिंग में शामिल होने गए थे। मीटिंग समाप्त होने के बाद जब वह बेटे के साथ घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे लोगों ने उन्हें रोक लिया। महादेव का आरोप है कि पुरानी रंजिश के कारण शिवकरन, शिवा सोनकर, नन्हीं, सोनी और शिवम सोनकर ने उन्हें घेर लिया। इन लोगों ने लोहे की रॉड और कुल्हाड़ी से उन पर हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले में महादेव गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद हमलावर फरार हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को तत्काल उन्नाव के जिला अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों के अनुसार, युवक के शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं और उसे निगरानी में रखा गया है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी जिला अस्पताल पहुंची। अस्पताल चौकी प्रभारी अंजनी कुमार सिंह ने घायल से मुलाकात कर मामले की जानकारी ली। पुलिस ने पीड़ित से तहरीर लेकर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई का भरोसा दिलाया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और आरोपियों की तलाश जारी है। जल्द ही सभी नामजद आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है, जिसे देखते हुए पुलिस सतर्कता बरत रही है।

Leave a Reply