मुरादाबाद में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस और एक ड्रग तस्कर के बीच मुठभेड़ हुई। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के सोनकपुर पुल के नीचे हुई इस कार्रवाई में बदमाश मोना उर्फ अमरदीप के पैर में गोली लगने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी मोना उर्फ अमरदीप भारी मात्रा में नशीला पदार्थ लेकर कॉल पर ड्रग्स की सप्लाई देने जा रहा था। पुलिस को उसकी गतिविधियों की सूचना मिली, जिसके बाद घेराबंदी कर उसे रोकने का प्रयास किया गया। खुद को पुलिस से घिरा देख आरोपी ने पकड़े जाने के डर से पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें अमरदीप के पैर में गोली लग गई। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने उसके कब्जे से भारी मात्रा में ड्रग्स और एक अवैध तमंचा भी बरामद किया है। बताया जा रहा है कि मोना उर्फ अमरदीप पर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पहले से ही 21 से अधिक गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, वह लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय था। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल द्वारा चलाए जा रहे “लक्ष्य ऐप” अभियान के तहत जिले के अपराधियों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में यह गिरफ्तारी पुलिस के लिए एक बड़ी सफलता मानी जा रही है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और उसके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई है।

Leave a Reply