हरदोई जिले में जनगणना 2027 के तहत गृह सूचीकरण (हाउस लिस्टिंग) कार्य आज से औपचारिक रूप से शुरू हो गया है। यह अभियान 30 सितंबर तक चलेगा, जिसके पहले दिन से ही प्रगणक घर-घर जाकर परिवारों का विवरण एकत्र कर रहे हैं। जिला प्रशासन के अनुसार, इस चरण में प्रत्येक मकान, परिवार, उपलब्ध सुविधाओं और बुनियादी ढांचे से संबंधित विस्तृत जानकारी जुटाई जाएगी। इसके लिए प्रशिक्षित प्रगणकों की टीमें विभिन्न क्षेत्रों में तैनात की गई हैं, जो निर्धारित समय-सीमा में सर्वेक्षण कार्य पूरा करेंगी। इस बार की जनगणना को डिजिटल स्वरूप दिया गया है। प्रगणकों को टैबलेट और अन्य डिजिटल उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं, जिससे आंकड़ों का संकलन तेजी से और त्रुटिरहित तरीके से हो सके। नागरिकों को स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) की सुविधा भी प्रदान की गई है। इसके तहत, लोग 7 मई से 21 मई 2026 तक अपनी जानकारी ऑनलाइन भर सकते हैं और प्राप्त यूनिक कोड को प्रगणक के साथ साझा कर सकते हैं। जिलाधिकारी अनुनय झा ने आमजन से अपील की है कि वे प्रगणकों को सही और पूरी जानकारी उपलब्ध कराएं, ताकि जनगणना के आंकड़े सटीक हों। उन्होंने बताया कि जनगणना से प्राप्त डेटा भविष्य की योजनाओं, सरकारी संसाधनों के वितरण और विकास कार्यों की रूपरेखा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

Leave a Reply