मथुरा के स्कूल में ‘मिशन शक्ति’ के तहत नई पहल:कक्षा 5 की छात्रा एक दिन की बनी प्रधानाध्यापक, स्कूल का किया प्रबंधन
मथुरा के बलदेव में महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के लिए चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान के पांचवें चरण के अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय बलरामपुर में एक अनूठी पहल की गई। विद्यालय प्रशासन ने कक्षा पांच की मेधावी छात्रा प्रिया को एक दिन के लिए प्रधानाध्यापक बनाया। प्रधानाध्यापक डॉ. जगदीश पाठक ने छात्रा प्रिया को विद्यालय की जिम्मेदारियां सौंपीं और स्वयं साइड की कुर्सी पर बैठकर उसे नेतृत्व करने दिया। फिल्म नायक की तरह यह प्रयोग बच्चों में आत्मविश्वास और जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का एक प्रयास था। प्रधानाध्यापक बनने के बाद प्रिया ने सबसे पहले प्रार्थना सभा में विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने सभी छात्रों से नियमित रूप से विद्यालय आने, पढ़ाई में मन लगाने और विद्यालय परिसर को स्वच्छ रखने की अपील की। इसके बाद उन्होंने कक्षा कक्ष, मिड डे मील, उपस्थिति पंजिका और अध्यापकों की गतिविधियों का अवलोकन किया। दिनभर उन्होंने पूरी जिम्मेदारी और आत्मविश्वास के साथ कार्यों को निभाया। प्रिया ने कहा कि यह उनके जीवन का सबसे यादगार दिन है। उन्होंने भविष्य में वास्तविक रूप से प्रधानाध्यापक बनने की इच्छा जताई। उनकी सक्रियता और नेतृत्व क्षमता को देखकर विद्यालय परिवार ने भी उत्साह प्रकट किया। विद्यालय के प्रधानाध्यापक डॉ. पाठक ने कहा कि समाज में नारी के हर रूप की पूजा की जाती है, लेकिन बच्चियों और महिलाओं पर होने वाले अत्याचार निंदनीय हैं। उन्होंने बताया कि बालिकाओं में आत्मविश्वास और शिक्षा के प्रति रुचि बढ़ाने के लिए इस तरह की पहल आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि प्रिया पढ़ाई में अव्वल और पाठ्य सहगामी गतिविधियों में भी सक्रिय है। इसलिए उसे एक दिन का प्रधानाध्यापक बनाया गया। उद्देश्य यही है कि बच्चियों में पढ़ाई की ललक बढ़े और वे अपने अधिकारों को समझें। इस अवसर पर शिक्षिका बिन्दु शर्मा, अचल कुमार और आंगनबाड़ी कार्यकत्री पूजा देवी का विशेष सहयोग रहा।
Source: उत्तरप्रदेश | दैनिक भास्कर
Leave a Reply