बांदा जनपद के बबेरू तहसील क्षेत्र में अवैध मौरंग ओवरलोडिंग के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई की गई है। एक संयुक्त टीम ने मरका खादर खंड संख्या-तीन में छापा मारकर 23 वाहनों को पकड़ा है। इन वाहनों से कुल 135 घन मीटर अवैध मौरंग जब्त की गई है। वाणिज्य कर विभाग ने इस अवैध परिवहन से राज्य को 44 लाख रुपये के राजस्व के नुकसान का आकलन किया है। यह कार्रवाई बांदा जिलाधिकारी जे. रीभा के निर्देश पर गठित एक संयुक्त टीम द्वारा बीती रात की गई। टीम में सहायक पुलिस अधीक्षक मेविस टॉक, एसडीएम सदर नमन मेहता, एसडीएम पैलानी अंकित सिंह, खान निरीक्षक गौरव गुप्ता और सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी श्यामलाल शामिल थे। पकड़े गए सभी वाहनों को पुलिस की अभिरक्षा में संबंधित थानों में रखा गया है। जिला खनिज अधिकारी राज रंजन ने बताया कि मौरंग के अवैध खनन पर अंकुश लगाने के लिए बांदा सदर से एक टीम गठित कर औचक जांच की गई थी। जांच के दौरान मरका खादर खदान में मौरंग का अवैध परिवहन पाया गया। पट्टा संचालक के खिलाफ खनिज अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply