DniNews.Live

सुलतानपुर में गौकशी के आरोपी से पुलिस की मुठभेड़:गोसाईगंज में एक के पैर में लगी गोली, तीन आरोपी गिरफ्तार; दो तमंचे बरामद

गोसाईगंज पुलिस ने मंगलवार देर रात गौकशी के एक मामले में तीन आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान एक आरोपी के पैर में गोली लगी है, जिसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जयसिंहपुर भेजा गया है। पुलिस को मंगलवार रात सूचना मिली थी कि तीन संदिग्ध व्यक्ति एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर क्षेत्र से गुजर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हुई और इटकौली जंगल के पास उनकी घेराबंदी की। पुलिस का दावा है कि घेराबंदी कड़ी होने पर आरोपियों ने भागने की कोशिश की और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक आरोपी के पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी की पहचान गोसाईगंज थाना क्षेत्र के सिरवारा शरीकपुर निवासी अफरोज के रूप में हुई है। अफरोज के साथ पकड़े गए अन्य दो आरोपियों की पहचान गोसाईगंज के सिरवारा निवासी मो. गुलफाम उर्फ मो. इमरान और फतेहपुर संगत निवासी आजाद के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से दो अवैध तमंचे, दो खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद करने का दावा किया है। मौके से प्रयुक्त मोटरसाइकिल को कब्जे में लेने की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। अपर पुलिस अधीक्षक अखंड प्रताप सिंह ने बताया कि ये तीनों आरोपी गौकशी के एक प्रकरण में वांछित थे। अफरोज पर पहले से 11 मुकदमे दर्ज हैं, जबकि गुलफाम पर भी दो मुकदमे दर्ज हैं। घायल अफरोज का इलाज सीएचसी जयसिंहपुर में चल रहा है। पुलिस मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *