एक महीने से पोखरी में फंसा था घड़ियाल का बच्चा:जमानियां में मछुआरों के जाल में फंसा, वन विभाग ने गंगा में छोड़ा

गाजीपुर जिले के जमानियां अंतर्गत रेवतीपुर थाना क्षेत्र के रामपुर उर्फ साधोपुर गाँव में वन विभाग ने एक महीने से पोखरी में फंसे घड़ियाल के बच्चे को सफलतापूर्वक रेस्क्यू किया। ढाई फीट लंबे इस चार महीने के घड़ियाल को ग्रामीणों की मदद से बचाया गया। रेस्क्यू के बाद घड़ियाल को कब्जे में लेकर वन विभाग की टीम ने उसे जमानियां के बलुआ तट किनारे गंगा नदी में सुरक्षित तरीके से छोड दिया,तब जाकर अधिकारी समेत लोगों ने सुकुन महसूस किया। घटना अगस्त की शुरुआत की है। मछुआरे बाढ़ के पानी में मछली पकड़ रहे थे। जाल खींचने पर उन्हें मछली की जगह घड़ियाल का बच्चा मिला। मछुआरों ने उसे गांव की पोखरी में छोड़ दिया था। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम ने पहले रेस्क्यू का प्रयास किया। लेकिन सफलता नहीं मिली। ग्रामीणों ने लगातार घड़ियाल पर नजर रखी।आज दोपहर में घड़ियाल पोखरी किनारे तैरता दिखा। ग्रामीणों ने तुरंत वन विभाग को सूचित किया। टीम ने जाल की मदद से घड़ियाल को पकड़ा। वन क्षेत्राधिकारी जे पी एस वर्मा ने बताया कि घड़ियाल को जमानियां के पास गंगा नदी में सुरक्षित छोड़ दिया गया है। घड़ियाल आमतौर पर गंगा, चंबल और ब्रह्मपुत्र जैसी नदियों में पाए जाते हैं। इन्हें वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 के तहत संरक्षण प्राप्त है। घड़ियाल 6-7 फीट तक लंबे होते हैं। ये पानी में 10 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तैर सकते हैं।

Read More

Source: उत्तरप्रदेश | दैनिक भास्कर